देवरिया। जौनपुर पुलिस लाइन में तैनात देवरिया निवासी सिपाही विश्वजीत उर्फ राजू प्रसाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सिपाही छुट्टी पर घर आया था, घटना की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस गांव के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई थी।
यह है पूरा मामला
देवरिया के लार क्षेत्र के आदर्शनगर पिंडी गांव के रहने वाले 28 वर्षीय विश्वजीत उर्फ राजू प्रसाद पुत्र प्रीतम गोंड जौनपुर में पुलिस लाइन में तैनात थे। कुछ दिन पूर्व वह छुट्टी लेकर गांव आए थे। सिपाही विश्वजीत शाम को सामान लेने पिंडी बाजार गए थे। कुछ देर बाद वह घर लौट आए।
स्वजनो का आरोप है कि शाम 7.30 बजे के आसपास गांव के करीब सात से आठ लोग लाठी-डंडा लेकर घर में घुस आए और सिपाही पर हमला बोल दिया। पिटाई से वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर भाग निकले। लोग उन्हें सीएचसी लार लेकर गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चुनावी रंजिश में हत्या की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि सिपाही के भाई बिरजू गोंड ग्राम प्रधान का चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे। इसको लेकर दूसरा खेमा रंजिश पाले था। हत्या की सूचना पर सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, सिपाही विश्वजीत उर्फ राजू प्रसाद ने पुलिस में भर्ती होने के बाद बीएसएफ की नौकरी छोड़ दी थी। वह कुछ दिन तक एसटीएफ में भी तैनात थे। सिपाही की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घरवालों का रो- रोकर बुरा हाल है।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसपी देवरिया संकल्प शर्मा ने बताया कि पिटाई से सिपाही की मौत की सूचना मिली है लेकिन शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। वह जौनपुर पुलिस लाइन में तैनात थे।
crime in UP, crime in UP news, crime in UP latest news,