बिग बॉस 13 फेम विकास पाठक यानी हिंदुस्तानी भाऊ को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हिंदुस्तानी भाऊ पर छात्रों को भड़काने का आरोप है। सोशल मीडिया पर ‘हिंदुस्तानी भाऊ’ के नाम से मशहूर विकास पाठक को शनिवार को बांद्रा के मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विकास पाठक को 1 फरवरी को ही इस मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
खबर है कि पाठक 10वीं और 12वीं कक्षाओं की ऑफलाइन परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों से प्रदर्शन करने की अपील कर रहे थे। इस मामले में मुंबई पुलिस ने विकास पाठक के साथ ही इकरार खान वकार खान को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, हिंदुस्तानी भाऊ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वे कथित तौर पर छात्रों को बोर्ड परीक्षा को लेकर उकसाते नजर आए थे।
पुलिस ने हिंदुस्तानी भाऊ के खिलाफ IPC की धारा 353, 332, 427, 109, 114, 145, 146, 149, 188, 269, 270 के तहत FIR दर्ज की थी, जिसके बाद उन्हें 1 फरवरी को गिरफ्तार किया गया और 5 फरवरी को कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले भी हिंदुस्तानी भाऊ मुंबई के दादर के शिवाजी पार्क में बोर्ड परीक्षा रद्द कराने और स्कूल की फीस माफ किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।