नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव की चर्चा जोरों पर है। पार्टी के अधिकतर लोग चाहते हैं कि राहुल गांधी अध्यक्ष का पद संभाल लें लेकिन उन्होंने इसके लिए अनिच्छा जाहिर की है। इस बीच सूत्रों के मुताबिक पार्टी के सीनियर नेताओं ने सोनिया गांधी से ही अपील की है कि वह 2024 तक पद पर बनी रहें और उसके बाद प्रियंका गांधी को कमान सौंप दी जाए। इन नेताओं का कहना है कि गांधी परिवार के अलावा कोई भी पार्टी को एकजुट नहीं रख सकता। ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी टूट सकती है।
दूसरी ओर सोनिया गांधी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि यदि गांधी परिवार से कोई अध्यक्ष नहीं बनता है तो फिर अशोक गहलोत को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि दो नेताओं के साथ बैठक में भी अशोक गहलोत ने यह बात कही है।
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी तीनों ही इलाज के लिए विदेश जाने वाले हैं। दरअसल सोनिया गांधी का चेकअप होने वाला है और इस दौरान राहुल और प्रियंका भी उनके साथ रहेंगे। अगले कुछ दिनों में ही कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए शेड्यूल का ऐलान होने वाला है। इस संबंध में 28 अगस्त को मीटिंग होने वाली है। गांधी परिवार से किसी के आगे न आने के चलते अब अशोक गहलोत का नाम ही सबसे आगे चल रहा है।
इसके अलावा मुकुल वासनिक, केसी वेणुगोपाल, कुमारी शैलजा, मल्लिकार्जुन खड़गे, भूपेश बघेल के नाम भी अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा में हैं। कांग्रेस ने बताया था कि अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू होगी और 20 सितंबर तक चलेगी।