संतकबीर नगर/ नई दिल्ली। निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बेटे व उप्र के संतकबीर नगर से सांसद प्रवीण निषाद की तबीयत खराब हो गई है। शुक्रवार की रात में उन्हें गोरखपुर के फातिमा हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को स्थिति में सुधार नहीं होने पर शाम पांच बजे उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स में ले जाया गया। सांसद को पेट में दिक्कत बताई जा रही है।
पहले भी हो चुका है ऐसा दर्द
बता दें कि सांसद को पहले भी ऐसा दर्द हो चुका है। मार्च 2023 में दिल्ली में सांसद प्रवीण निषाद की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद वहां मौजूद बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने उन्हें दिल्ली स्थित मेदांता अस्पतील में भर्ती कराया था। जहां इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए।
सांसद प्रतिनिधि जय प्रकाश निषाद ने बताया कि शुक्रवार को सांसद लखनऊ से गोरखपुर स्थित अपने घर पहुंचे थे। शनिवार को उन्हें संतकबीर नगर में कुछ कार्यक्रम में शामिल होना था। देर रात में उनके पेट में दर्द शुरू हुआ तो स्वजन उन्हें शनिवार की सुबह फातिमा हास्पिटल में भर्ती कराए। उन्हें आइसीयू में रखा गया था।
चिकित्सकों की जांच और दवा का बहुत प्रभाव नहीं होने पर उन्हें दिल्ली एम्स में दिखाने की सलाह दी गयी। बाद में शाम को पांच बजे उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया।
सांसद को पहले से पेट की दिक्कत है। पूर्व में भी उनकी तबीयत बिगड़ चुकी है। तीन माह पहले भी वह संतकबीर नगर में एक कार्यक्रम में शामिल थे, तभी उनकी तबियत खराब हो गयी। बाद में उन्हें चिकित्सक के पास ले जाया गया।