अहमदाबाद। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) भुज ने जखाऊ मरीन पुलिस के साथ जखाउ पोर्ट एरिया में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया तथा सयाली क्रीक से 49 ड्रग्स के पैकेट (सम्भवतः हेरोईन) को ज़ब्त कर लिया। ज़ब्त किए गए पैकेटों की पैकेजिंग पर ‘कैफ़े गौर्मेट’लिखा हुआ है और ‘’ब्लू सैफ़ायर 555’’ भी अंकित है।
ग़ौरतलब है कि 30 और 31 मई 2022 की रात को कोस्ट गार्ड और और एटीएस गुजरात पुलिस ने आइएमबीएल के निकट तथा सर क्रीक और जखाऊ पोर्ट के बीच से एक पाकिस्तानी बोट को ज़ब्त किया तथा बोट में सवार सभी सात 07 पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया था। इस ऑपरेशन के दौरान बोट के क्रू ने ड्रग्स को समुद्र में फ़ेक दिया था।
बीएसएफ भुज ने यह अंदाज़ा लगा लिया था कि पाकिस्तानी बोट द्वारा समुद्र में फेंकी गयी ड्रग्स पाकिस्तान की तरफ़ से आने वाली समुद्री लहरों के साथ बह कर भारतीय सीमा में कभी भी प्रवेश कर सकती है। इस घटना के तुरंत बाद से ही बीएसएफ भुज हाई अलर्ट पर आ गयी और लगातार सर्च ऑपरेशन में जुट गयी। नतीजतन बीएसएफ भुज ने आज सफलतापूर्वक 49 ड्रग्स के पैकेट ज़ब्त कर लिए।
