बेंगलुरु। बेंगलुरु पुलिस ने सोमवार को एक युवक को पाकिस्तानी लड़की को फर्जी पहचान के साथ भारत लाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 25 साल के मुलायम सिंह यादव के रूप में की है, जो उप्र का निवासी है और यहां सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता है।
आरोप है कि मुलायम ने 19 साल की पाकिस्तानी लड़की इकरा जीवानी को अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत में घुसाया। पुलिस ने लड़की को एक सरकारी महिला गृह में भेज दिया है।
आनलाइन लूडो खेलने से आया संपर्क में, बाद में की शादी
पुलिस के मुताबिक पाकिस्तानी युवती की कुछ ही महीने पहले एक गेमिंग एप पर लूडो खेलते हुए उप्र के युवक से दोस्ती हुई। लड़की नेपाल की सीमा को पार करके भारत में घुसी थी। जांच में पता चला है कि गेमिंग एप पर यादव ने इकरा से दोस्ती कर ली थी और बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
कुछ महीने पहले मुलायम सिंह यादव ने युवती को नेपाल बुला लिया था। वहीं पर दोनों ने शादी कर ली। यह जोड़ा बिहार के बीरगंज से भारतीय सीमा में घुसा और वहां से पटना पहुंचा। बाद में यादव और इकरा बेंगलुरु आए और यहीं जुनासंड्रा में एक किराये के घर में रहने लगे।
मुलायम सिंह यादव ने सितंबर, 2022 से यहां सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करना शुरू कर दिया। मुलायम ने अपनी पाकिस्तानी बीवी इकरा का नाम बदलकर रवा यादव करने के बाद उसके लिए एक आधार कार्ड का इंतजाम कर लिया।
उसकी मदद से उसने अपनी पत्नी के लिए भारतीय पासपोर्ट के लिए भी आवेदन किया था। इकरा केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के निशाने पर तब आ गई जब वह पाकिस्तान में अपने परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। केंद्रीय एजेंसियों ने कर्नाटक की खुफिया एजेंसी को अलर्ट कर दिया।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों का कहना है कि आगे की जांच यह पता करने के लिए जारी है कि इकरा पाकिस्तान के किसी जासूसी गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।