रांची। झारखंड के गढ़वा जिले के नगर ऊंटारी थाना के चित्तविश्राम गांव में एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। झुलसे युवक की पहचान 37 वर्षीय दीपक सोनी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दीपक सोनी विवाद के दौरान बीच बचाव करने गया था। इसी बीच, आरोपी कसमुद्दीन अंसारी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। झारखंड के नगर उंतारी थाना क्षेत्र में यह घटना हुई। पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि विवाद के बाद युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की जानकारी सामने आई है। जांच की जा रही है। दीपक के एक परिजन ने बताया कि दीपक ने बताया कि कसमुद्दीन ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।
घटना शुक्रवार रात करीब 8.15 बजे की है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल नगर ऊंटारी अनुमंडल अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के संबंध घायल युवक दीपक ने बताया कि कसमुद्दीन और एक अन्य युवक पक्ष लड़ रहे थे। आवाज सुनकर वह वहां गया था। वहां पहुंच उसने पूछा क्यों लड़ रहे हो। उसके बाद कसमुद्दीन ने यह कहते हुए कि तू मेरा मालिक है क्या, सामने पहुंच पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वह पेट्रोल भी बेचता है।
घटना के बाद एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें एक हाथ में पेट्रोल से भरा ज्वलनशील पदार्थ और दूसरे में आग लाते एक युवक को देखा जा रहा है। उसके बाद आग लगने से भगदड़ मच जाती है। लोग इधर उधर भागने लगते हैं।