जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में एक युवक ने पशु क्रूरता की सारी हदें पार कर दी है। युवक कुत्ते को अपनी गाड़ी से बांधकर बेरहमी से घसीटता रहा जिससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर फ्रैक्चर हो गया और स्किन तक फट गई। इस घटना का वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ जिसके बाद रविवार को डॉग होम फाउंडेशन की ओर से युवक के खिलाफ़ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामला जोधपुर के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र का है। यहां एक डॉ. रजनीश (प्लास्टिक सर्जन) के घर में अक्सर एक कुत्ता घुस जाया करता था। रविवार दोपहर भी ऐसा ही हुआ जिससे डॉक्टर को गुस्सा आ गया। उन्होंने एक रस्सी कुत्ते के गले में बांधी और उसे घसीटते हुए बाहर लेकर आए। फिर रस्सी का दूसरा सिरा अपनी कार में बांधकर उसे तेज़ी से दौड़ाने लगे और करीब 5 किलोमीटर तक उन्होंने कुत्ते को रोड पर घसीटा।
Video shows dog tied to car being dragged on road in Jodhpur, case registered
Read @ANI Story | https://t.co/C72TMFsRWT#dog #ViralVideo #Jodhpur #Rajasthan pic.twitter.com/t4D5hscTxw
— ANI Digital (@ani_digital) September 19, 2022
कार के पीछे कुत्ते को बांधकर दौड़ाते देख लोगों ने कार को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद भी रजनीश ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे लगातार भगाता रहा। राहगीरों ने बाइक दौड़ाकर कार को आगे से घेर लिया तब जा कर डॉक्टर ने कार रोकी।
डॉक्टर ने कार रुकवाने वाले राहगीरों का विरोध करते हुए उनसे बहस भी की। इतने में एक राहगीर ने डॉग होम फाउंडेशन के वर्करों को सूचना दे दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे फाउंडेशन के लोगों से भी डॉक्टर उलझ गए।
डॉक्टर का कहना है कि ,”कुत्ता घर में अक्सर घुस जाता है, घर के बाहर भौंकता है। मेरी बेटी को भी काट लिया। इसलिए निगम के बाड़े में छोड़ने जा रहा था। अंदर बैठाता तो काटने का डर था।” हैरानी की बात ये है कि डॉक्टर ने अपनी बेटी के इलाज की जो पर्ची उपलब्ध करवाई, वह शाम की है। जबकि कुत्ते को वह 1 बजे के आसपास घसीटते हुए ले जा रहे थे।
फिलहाल डॉ. रजनीश के खिलाफ आईपीसी की धारा 428 और पशु क्रूरता रोकथाम अधिनियम की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने डॉक्टर की गाड़ी भी जब्त कर ली है। वहीं गुस्साए पशुप्रेमियों ने डॉक्टर के खिलाफ़ सख्त कार्यवाई के साथ-साथ उनका मेडिकल लाइसेंस भी निलंबित करने की मांग की है।