पटना। बिहार के सुपौला जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 20 रुपए के गुटखे के लिए एक शख्स की हत्या कर दी गई। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के कसहा गांव के वार्ड नंबर चार की है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बाइक सवार तीन लोगों ने हत्या को अंजाम दिया। गांववालों के अनुसार सोमवार को मधेपुरा जिला के मौरा बघला के अजीत कुमार ने किराना व्यवसायी के पिता से पान मसाला उधार मांगा। उन्होंने उधार देने से मना कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इसके बाद अगले दिन यानी मंगलवार की सुबह अजीत कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। उस वक्त मृतक के पिता दुकान पर मौजूद नहीं थे। दुकान पर उस वक्त उनका छोटा बेटा मिथिलेश कुमार बैठा था। इस दौरान अजीत कुमार का मिथिलेश कुमार के साथ फिर विवाद हो गया जिसके बाद अजीत कुमार ने मिथिलेश कुमार की मौके पर ही गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक मिथिलेश कुमार के बड़े भाई का कहना है कि जिस वक्त उनके छोटे भाई को गोली मारी गई तब वह पास में ही मौजूद था और जब तक वह दुकान तक पहुंच पाते तब आरोपी हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।