नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस तेजी से लोगों को अपना शिकार बना रहा है। हर दिन भारत में रिकॉर्ड कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में एक बार फिर देश में 3 लाख से ज्यादा कोविड केस दर्ज किए गए।
लगातार नौवें दिन देश में कोरोना के तीन लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। ताजा आंकड़ो के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3,86,452 मामले सामने आए हैं और 3498 लोगों की मौत हुई है।
इसी के साथ देश में संक्रमण की दर भी 21.2 फीसदी पहुंच गई है। इसका मतलब है कि हर 100 लोग जो टेस्ट करवा रहे हैं उनमें से 21 लोग पॉजिटिव निकल रहे हैं।
आंकड़ो के अनुसार बीते दिन 2 लाख 97 हजार 540 लोग ठीक भी हुए। देश में 31 लाख 70 हजार 228 एक्टिव केस हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण भारत अब दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। अमेरिका में सबसे ज्यादा 68 लाख एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी तक कोरोना से 1 करोड़ 87 लाख 62 हजार 976 लोग संक्रमित हो गए हैं। अब तक 1 करोड़ 53 लाख 84 हजार 418 लोग इस वायरस के संक्रमण से ठीक हो गए हैं। इस वायरस से मरने वालों की संख्या 2 लाख 8 हजार 330 हो गई है।