लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का शनिवार को निधन हो गया। वे 89 साल के थे। लंबे समय से उनका इलाज लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई में चल रहा था। तबीयत खराब होने के बाद सबसे पहले उन्हें उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार जुलाई को उनकी हालत फिर से बिगड़ने पर उन्हें पीजीआई में शिफ्ट किया गया था।
कल्याण सिंह के निधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। सीएम योगी ने ट्विटर पर पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘पूर्व राज्यपाल व उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य आदरणीय कल्याण सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। भारतीय राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता व जन सेवा के पर्याय, अप्रतिम संगठनकर्ता एवं लोकप्रिय जननेता आदरणीय कल्याण सिंह जी का देहावसान संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें कोटि-कोटि श्रद्धांजलि।’
अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। समाज, कल्याण सिंह जी को उनके युगांतरकारी निर्णयों, कर्तव्यनिष्ठा व शुचितापूर्ण जीवन के लिए सदियों तक स्मरण करते हुए प्रेरित होता रहेगा।’