रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल का ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान सामने आया है। जिसके बाद उन पर दंगा भड़काने की धारा 153 ए के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दरअसल, 30 अगस्त को भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल ने यूपी के लखनऊ में एक आंदोलन के दौरान मीडिया को बयान दिया था। बयान में उन्होंने ब्राह्मणों के विदेशी होने की बात कही थी।
नंद कुमार बघेल ने अपने बयान में कहा था ” हमारा मकसद है कि जिसका वोट उसका राज, वोट हमारा राज तुम्हारा नहीं चलेगा, इस आंदोलन को हम करेंगे और ब्राह्मणों को गंगा से वोल्गा भेजेंगे। उन्होंने आगे कहा कि ब्राह्मण विदेशी हैं, जिस तरह अंग्रेज यहां से गए, वो भी यहां से जाएंगे। ब्राह्मण सुधर जाएं, या तो जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों से इसलिए नाराजगी है, कि वह विदेशी हैं और हमे अछूत मानते हैं। हमारे सारे अधिकार छीन रहे हैं। बघेल ने कहा था कि गांवों में भी अभियान चलाकर उनका बहिष्कार करेंगे।”
बता दें कि नंदकुमार बघेल के इस बयान से लखनऊ में तमाम हिंदूवादी संगठन के लोग व ब्राह्मणवादी नेता उनसे काफी नाराज़ है। वहीं राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाने में नंदकुमार बघेल के ब्राह्मणों को लेकर दिए गए एक विवादित बयान पर शासन ने खुद एफआईआर दर्ज करवाई है।
नंदकुमार बघेल के खिलाफ बीजेपी ने सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। जिसके बाद खुद भूपेश बघेल ने एक लिखित बयान जारी किया और कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था सबके लिए एक बराबर है। पिता नंदकुमार बघेल से मेरे शुरुआत से वैचारिक मतभेद हैं, सबको पता है। उनके इस बयान से सामाजिक सदभाव को ठेस लगी और मुझे भी काफी दुख हुआ है। कानून सभी के लिए एक है और पुलिस उन पर कार्यवाही करेगी।