नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने किसानों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने एलान किया कि ‘किसान संगठनों के सदस्यों के खिलाफ रेलवे पुलिस फोर्स की तरफ से दर्ज किए गए केस वापस लिए जाएंगे।’ बता दें कि किसान प्रदर्शनकारियों पर आरपीएफ ने रेलवे लाइन पर धरना देने के खिलाफ मुक़दमे दर्ज करवाए थे।
अब इन सभी मुकदमों को चन्नी के आदेश के तहत वापस ले लिया जाएगा। पंजाब के सीएम ने रेलवे पुलिस फोर्स के चेयरमैन को लेटर लिख कर जल्द से जल्द मुक़दमे वापस लेने को कहा है। साथ ही जिन लड़कियों ने कोरोना महामारी के कारण अपने मां-बाप को खो दिया था, उनके लिए भी चन्नी ने आशीर्वाद स्कीम की लिमिट खत्म कर दी है। जिन लोगों की 1 जनवरी 2004 के बाद नौकरी लगी थी उन सरकारी कर्मचारियों की पेंशन को भी अप्रूव कर दिया गया है।
बता दें कि चन्नी ने 1 अक्टूबर को दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाक़ात की थी। उन्होंने बताया कि ‘पंजाब में प्रोक्योरमेंट का सीजन शुरू हो रहा है, उसको लेकर पीएम मोदी से बात हुई।’ सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आगे कहा कि ‘पीएम मोदी से बोला है कि तीन बिल का झगड़ा खत्म करो। वो भी हल चाहते हैं। मैंने किसानों से दोबारा बातचीत करने को कहा। पाकिस्तान और इंडिया के कॉरिडोर को दोबारा खोलने को कहा है ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। कुछ ऑर्गेनिक खेती पर भी बात हुई।’