नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद का मामला अबतक शांत नहीं हुआ है। मृतक से मिलने के लिए लखीमपुर खीरी के रवाना हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के धरने के बाद आखिरकार उन्हें उनकी शर्तों पर बाहर निकलने दिया गया।
राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और चंढीगढ़ के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि राहुल पहले सीतापुर में प्रियंका गांधी से मिलेंगे उसके बाद उन्हें साथ लखीमपुर खीरी के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि एयरपोर्ट पर राहुल अपनी गाड़ी से जाएंगे या प्रशासन की गाड़ियों से इसपर विवाद हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर विवाद दो बातों को लेकर था। प्रशासन ने बकायदा रूट और गाड़ियां तय की हुई थीं लेकिन राहुल ने उनसे जाने से इनकार कर दिया।
इसके अलावा प्रशासन राहुल को एयरपोर्ट के दूसरे गेट से निकालना चाहता था। लेकिन राहुल ने कहा कि वह मेन गेट से ही जाएंगे। प्रशासन राहुल को सीधा लखीमपुर जाने को कह रहा था, लेकिन राहुल ने कहा कि वह पहले सीतापुर जाएंगे और वहां से प्रियंका के साथ ही लखीमपुर जाएंगे। प्रसाशन ने राहुल की सारी बातें मान ली।
इससे पहले यूपी सरकार ने राजनेताओं को लखीमपुर जाने की इजाजत दे दी थी। जानकारी के अनुसार एक पार्टी से सिर्फ 5-5 नेताओं का डेलिगेशन को ही लखीमपुर जाने की इजाजत दी गई है।