तमिलनाडु में कुन्नूर के पास चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और 12 अन्य लोगों की मौत के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर के ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की तलाश गुरुवार को पूरी हो गई। दुर्घटनास्थल पर तलाशी का दायरा बढ़ा दिया गया था। ब्लैक बॉक्स हेलीकॉप्टर की अंतिम उड़ान स्थिति और अन्य पहलुओं के बारे में डेटा बता सकता है। भले ही इसे ब्लैक बॉक्स कहा जाता है, लेकिन उड़ान डेटा रिकॉर्डर को चमकीले नारंगी रंग में रंगा जाता है और यह उड़ान डेटा और कॉकपिट वातार्लापों को रिकॉर्ड करता है।
आज सुबह ही एयर चीफ मौके पर पहुंचे थे और मामले का जायजा लिया था। इस वक्त ये पता लगाना बेहद ज़रूरी है की देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ को ले जा रहे हेलिकॉप्टर में ऐसा क्या हुआ की इतना बड़ा हादसा घटित हुआ। हेलीकॉप्टर के अवशेषों की आगे की फोरेंसिक जांच से यह भी पता चल सकता है कि क्या दुर्घटना के बाहरी कारण थे। बुधवार को जनरल रावत और उनकी पत्नी सहित 14 लोगों के साथ भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने सुलूर हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, जो कुन्नूर में उतरने से कुछ मिनट पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
गुरुवार को ही भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और तमिलनाडु के डीजीपी सी शैलेंद्र बाबू ने हेलीकॉप्टर क्रैश की साइट का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बात की और ब्लैक बॉक्स खोजे जाने का दायरा बढ़ाने को कहा। अब ब्लैक बॉक्स को बरामद कर लिया गया है।