लखनऊ में घुसे तेंदुए ने शहर में दहशत फैला रखी है। अब तक इस तेंदुआ पर नियंत्रण की सभी कोशिशें नाकाम रही हैं। लखनऊ शहर के रिहायशी इलाकों में लोग घरों में दुबके हैं। बता दें कि 26 दिसंबर की रात 11 से 12 बजे के बीच इस तेंदुआ को शहर स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में देखा गया। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल के मेस में देखा गया। उसके बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
तेंदुए को पकड़ने के लिए मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची है। यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स में खौफ का माहौल है। बीते दो दिनों से इस तेंदुए ने लखनऊ के अलग-अलग इलाके में रहने वाले लोगों को दहशत के साए में रखा हुआ है। गौरतलब है कि गत शनिवार से लखनऊ के विकासनगर कल्याणपुर इलाके को इस तेंदुए ने अपने निशाने पर ले रखा है। दरअसल, इलाके में तेंदुए के होने की जानकारी तब मिली थी जब सीसीटीवी में इसकी कुछ फुटेज कैद हो गई थी।
अब तक ये तेंदुआ शहर में कुल 15 लोगों को घायल कर चुका है। शनिवार रात यह तेंदुआ वन विभाग की टीम को चकमा देकर पास के जंगल में चला गया था। इस तेंदुआ के आतंक से सहमे राजधानी के कल्याणपुर विकास नगर इलाके के लोग अपने-अपने घरों में दुबके हैं। इसी बीच बीती रात इस जानवर को इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल के मेस में देखा गया है।