भारत में कोरोना वायरस के मामलों में दैनिक वृद्धि दर्ज की जा रहे हैं। इस वायरस की रफ़्तार देश में बेकाबू हो रही है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2 लाख 71 हज़ार 202 नए केस आए। इसके साथ ही 314 लोगों की महामारी से मौत हुई है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के भी मामले भारत में तेज़ी से बढ़ रहे हैं। बता दें कि अब तक ओमिक्रॉन के 7 हज़ार 743 केस दर्ज किए गए हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 15 लाख 50 हजार 377 हो गई है। वहीं, इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 लाख 86 हजार 66 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, कल एक लाख 38 हजार 331 लोग ठीक हुए, जिसके बाद अभी तक 3 करोड़ 50 लाख 85 हजार 721 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 156 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। कल 66 लाख 21 हजार 395 डोज़ दी गईं, जिसके बाद अबतक वैक्सीन की 156 करोड़ 76 लाख 15 हजार 454 डोज़ दी जा चुकी हैं।