राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर में शनिवार की शाम बीच सड़क पर एक गाड़ी में अचानक आग लगते ही अफरा तफरी मच गई। पता चला कि गाड़ी बख्तियारपुर के सीओ रघुवीर प्रसाद की है। लोगों में चर्चा होने लगी कि गाड़ी में आग लगी नहीं बल्कि युवती ने ही लगाई है। इस बीच सीओ साहब और महिला के बीच काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा जिसका वीडियो भी सामने आया है। युवती लोगों को बता रही है सीओ उसका पति है, उसका सब कुछ है।
अंचलाधिकारी रघुवीर प्रसाद शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे बख्तियारपुर शहर में निकले थे। स्टेट बैंक के पास अपनी गाड़ी लगाकर मॉल बंद करवाने के लिए वे अंदर चले गए। इसके बाद सड़क पर खड़ी गाड़ी में अचानक आग लग गई। वीडियो में दिख रहा है कि महिला एक पीला स्वेटर और टोपी पहने एक व्यक्ति का कॉलर पकड़ कर हंगामा कर रही है। यह व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि बख्तियारपुर के सीओ रघुवीर प्रसाद हैं। इस बीच वीडियो में लोग यह भी कहते सुने जा रहे हैं कि आग अचानक नहीं लगी है बल्कि युवती ने ही लगाई है।
चर्चा तेज है कि बख्तियारपुर के सीओ को अपना प्यार और पति बताने वाली लड़की प्रीति कुमारी ने कार में आग लगाई थी। बता दें कि सीओ रघुवीर प्रसाद ने बख्तियारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गाड़ी में आग लगाने के बाद सीओ को भी जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाए जाने की बात सामने आ रही है।
CO की सरकारी गाड़ी जलने का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दोनों सड़क पर हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। CO लड़की पर थप्पड़ उठाते दिख रहे हैं जबकि छात्रा भी उनसे उलझ रही है। बख्तियारपुर के CO से हाथापाई के दौरान छात्रा कहती है कि आप लोग हमें छोड़ दें। CO मेरे पति हैं, मेरा प्यार हैं, वे मेरा सब कुछ हैं। इस घटना के बाद अब लड़की ने अंचलाधिकारी (CO) पर गंभीर आरोप लगाया है। लड़की ने शादी का झासा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है।