यूनाइटेड नेशंस के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यमन पर सऊदी गठबंधन सेना द्वारा हवाई हमले की निंदा की है। बता दें कि इस एयरस्ट्राइक में कम से कम 70 लोग मारे गए थे। ये हवाई हमले सादा में हूती क्षेत्र की एक जेल पर किए गए थे जिसमें एक टेलिकम्युनिकेशन फैसिलिटी भी शामिल थी जिसमें कम से कम तीन बच्चे मारे गए थे।
हमले में 100 से अधिक लोग घायल
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस हमले में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गुटेरेस ने कहा है कि युद्ध को रोकने की जरूरत है। उन्होंने अबू धाबी पर हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए हमले की भी निंदा की है। ईरान समर्थित विद्रोहियों ने 17 जनवरी को संयुक्त अरब अमीरात पर हमला किया था।
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में मारे गए लोगों की अभी तक तलाशी जारी है और जेल क्षेत्र में राहत कार्य जारी है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने पिछले एक साल में हूती सैन्य ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं। 2015 में सना में हूतियों द्वारा सरकार को उखाड़ फेंकने के बाद यमन में संघर्ष जारी है।