नागौर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें आरपीएफ हेड कॉन्सटेबल दो बुजुर्गों को बेरहमी से लात घूंसे मारते हुए नजर आ रहा है। दरअसल हेड कॉन्सेटबल को बुजुर्गों का रेलवे स्टेशन पर सोना इतना नागवार हुआ कि उसने दोनों को लात घूंसे मारे और गालियां दी। ये रेलवे स्टेशन मकराना का है. वायरल वीडियो में आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल रामप्रताप जिन बुजुर्गों की पिटाई करते दिख रहा है उनमें से एक का शव रेलवे स्टेशन के मुसाफिर खाने में मिला है।
अब वृद्ध की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि अधिकारी ये दावा कर रहे है कि मौत से पिटाई का कोई लेना देना नहीं है। वीडियो करीब 2 -3 दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि मकराना रेलवे स्टेशन पर दो बुजुर्ग सो रहे थे। तभी RPF हेड कॉन्स्टेबल रामप्रताप आया और सोते हुए बुजुर्गों को पीटने लगा। लात-घूंसे मारने लगा।
हेड कॉन्स्टेबल लगातार इनके मुंह पर लात मारता रहा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने रोकने की भी कोशिश की लेकिन हेड कॉन्स्टेबल नहीं माना। लोगों ने टोका भी कि इतना मारेंगे तो यह मर जाएंगे। इसके बाद भी हेड कॉन्स्टेबल गालियां देते हुए मुंह पर लात और घूंसे मारता रहा। इसके बाद घसीटते हुए उन्हें स्टेशन के बाहर कर दिया। इसके बाद इनमें से एक बुजुर्ग का शव रेलवे स्टेशन के मुसाफिर खाने में मिला। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अब्दुल अजीज के तौर पर हुई है। परिजनों का पता लगाकर पोस्टमार्टम के प्रयास किए जा रहे है। घटना की जांच जारी है।