उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। दूसरे चरण के तहत 14 फरवरी को वोटिंग है, ऐसे में चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे उम्मीदवार मतदाताओं को अपनी तरफ करने के हर संभव उपाय कर रहे है। इसके लिए तरह-तरह के हथकंडे भी अपनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रयागराज की हंडिया विधानसभा सीट के एक प्रत्याशी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवार को मतदाताओं को पैसे बांटते देखा जा सकता है। पैसे बांटने वाले नेता की पहचान हंडिया सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार और विधायक हाकिम लाल बिंद के तौर पर हुई है। सपा विधायक अपने चुनाव कार्यालय में लोगों को पैसे बांटते कैमरे में कैद हो गए हैं।
Video from Handia, Prayagraj. pic.twitter.com/gqSN0Kf90Z
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) February 12, 2022
जानकारी के अनुसार, सपा प्रत्याशी और विधायक हाकिल लाल बिंद अपने चुनाव कार्यालय में ही मतदाताओं को पैसे बांट रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडिया बनाकर वायरल कर दिया। हाकिम लाल बिंद को समाजवादी पार्टी ने हंडिया विधानसभा सीट से ही अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक सीढ़ी से लोग उतर रहे हैं और उनको 500-500 के नोट पकड़ाए जा रहे हैं।
साथ ही पैसे लेकर लोग सीधे चलते बन रहे हैं। जहां पैसा बांटा जा रहा है, वहां बड़ी संख्या में लोगों को देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने से सपा के साथ ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी सकते में हैं। सपा विधायक हाकिम लाल बिंद का वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व विधायक और निषाद पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत सिंह ने इसकी शिकायत की है। शिकायत मिलने के बाद आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।