भारत से बैर रखने वाले पाकिस्तान ने अब हार मान ली है। उसे समझ आ चुका है कि भारत से दुश्मनी मोल लेने से उसका गुज़ारा नहीं हो पाएगा। इसी के मद्देनज़र अब भारत से रिश्ते तोड़ने का दम भरने वाला पाकिस्तान अब दोनों देशों के बीच व्यापार को फिर से शुरू करने पर ज़ोर दे रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2019 से ही व्यापार बेहद कम हो रहा है। उसी साल जनवरी में कश्मीर के पुलवामा हमले में 40 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। भारत ने इसके लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार बताया और पाकिस्तान से व्यापार पर कस्टम ड्यूटी 200 प्रतिशत तक बढ़ा दी थी।
वाणिज्य और निवेश पर प्रधानमंत्री इमरान खान के सलाहकार अब्दुल रजाक दाऊद का कहना है कि भारत के साथ व्यापार समय की जरूरत है और ये भारत से ज्यादा पाकिस्तान के लिए फायदेमंद है। अब्दुल ने भारत के साथ व्यापार को बढ़ावा देने को कहा। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अब्दुल रजाक दाऊद ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘जहां तक वाणिज्य मंत्रालय का सवाल है, वो ऐसी स्थिति में है कि भारत के साथ व्यापार हो और मेरा रुख ये है कि हमें भारत के साथ व्यापार करना चाहिए। दोनों देशों के बीच व्यापार को फिर से शुरू किया जाना चाहिए, ये वक्त की मांग है।’
अब्दुल रजाक दाऊद ने आगे कहा कि वो भारत के साथ व्यापार का समर्थन करते हैं, क्योंकि ये पाकिस्तान के लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ व्यापार सभी, खासकर पाकिस्तान के लिए बहुत फायदेमंद है और मैं इसका समर्थन करता हूं।’ पाकिस्तान में रिकॉर्ड तोड़ महंगाई और लोगों पर उसके प्रतिकूल प्रभाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मैं इस मुद्दे पर सहमत हूं, लेकिन तेल, कच्चे माल, मशीनरी और अन्य सामानों के आयात के कारण यह समस्या बनी रहेगी।’