मुंबई। टीवी इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर गुरमीत चौधरी का आज 38वां जन्मदिन है। इस मौके पर आज हम आपको उनसे जुड़ी एक ख़ास बात बताते हैं। सपनों की नगरी मुंबई में हर कोई एक बड़ा स्टार बनने का सपना लेकर आता है। इसी ख्वाब के साथ गुरमीत ने भी इस शहर में आए थे।
शुरुआती दिनों में गुरमीत ने तमाम सारी छोटी नौकरियां कीं। गुरमीत ने मुंबई के कोलाबा स्थित एक स्टोर में वॉचमन की नौकरी भी की थी। एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में गुरमीत ने बताया, ‘मुझे लगता है कि यह बात बताने से मैं छोटा नहीं हो जाऊंगा कि मैंने वॉचमैन की नौकरी की है लेकिन इससे उन कई लोगों को प्रेरणा मिल सकती है जो मुंबई में अपने सपनों को पूरा करने आते हैं। कोई भी काम छोटा नहीं होता है।
अगर तुरंत सफलता नहीं मिलती है तो हमें निराश नहीं होना चाहिए।’ गुरमीत ने आगे बताया, ‘सफलता और असफलता एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। अगर आप अपनी असफलताओं को याद रखते हैं तो आप अपनी सफलता को अच्छे से हैंडल कर पाते हैं।’
गौरतलब है कि गुरमीत एनडीटीवी इमेजिन के शो ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभा चुके हैं। इसी शो के दौरान गुरमीत अपनी धर्मपत्नी देबिना से भी मिले थे। बहुत कम लोग जानते हैं कि इस शो के ऑफ एयर होने के बाद गुरमीत करीब 3 सालों तक बिना काम के रहे थे।
टीवी शो “गीत” के ज़रिये गुरमीत की किस्मत ने एक नया मोड़ लिया और उसके बाद से उनका नाम टीवी के मशहूर एक्टर्स की लिस्ट में दर्ज हो गया। गुरमीत ने ‘खामोशियां’, ‘वजह तुम हो’, ‘पलटन’ जैसी फिल्मों से बड़े पर्दे पर भी अपनी एक्टिंग स्किल्स को दर्शाया है।
Edited by: Saniya Parveen