सहारनपुर। नशीले पदार्थों का कारोबार करने वाली 8 महिलाओं को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है इनका कारोबार हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उप्र के कई जिलों में फैला था। इन महिलाओं के पास से स्मैक बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 23 लाख रूपए बताई जा रही है।
नशीले पदार्थों की कारोबारी महिलाएं गिरफ्तार
प्राप्त समाचार के अनुसार आज सहारनपुर के थाना कुतुब शेर पुलिस ने 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह महिलाएं स्कूल कॉलेजों तथा कई स्थानों पर जाकर नशीले पदार्थों की डिलीवरी करती थी। इनका नेटवर्क केवल सहारनपुर ही नहीं बल्कि उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश भी है।
सभी महिलाएं सहारनपुर की रहने वाली हैं। नशे के कारोबार करने वाली महिलाओं की सरगना का नाम भूरी है। भूरी और बबली पिछले कई सालों से नशे के कारोबार में लिप्त है। भूरी का पति भी नशे का कारोबार करता है।
भूरी पर पहले भी नशे के पदार्थ सप्लाई करने के कई मामले दर्ज हैं। इन्होंने अपने साथ सहारनपुर की रहने वाली गरीब महिलाओं को मिलाया और अपना गिरोह बना लिया। पैसों के लालच में यह महिलाएं इस भूरी के साथ मिल गई।

यह महिलाएं घर-घर,गली-गली जाकर स्मैक की डिलीवरी कर रही थी। पुलिस को जब यह सूचना मिली तो थाना कुतुब शेर प्रभारी पीयूष दीक्षित खुफिया टीम के साथ इनकी तलाश में जुट गए।
नदीम कॉलोनी में महिलाओं से स्मैक खरीदने पहुंचे और उस महिला की निशानदेही पर अन्य महिलाएं भी पकड़ी गई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 8 महिलाओं सोनिया, सुनाओ, इमराना, छोटी चांदनी, हजीरा उर्फ बेबी, इशरत उजमा उर्फ भूरी, अनम उर्फ बबली तथा अफसाना को गिरफ्तार किया है।
इन महिलाओं के पास से पुलिस ने 140 ग्राम स्मैक बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 23 लाख रूपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार महिलाओं में से बबली ने बताया कि वह पिछले 8 सालों से नशे का व्यापार कर रही है। उत्तराखंड के कई जिलों में नशे की सप्लाई करती थी। अधिकतर कॉलेज और स्कूल में सप्लाई करती थी। कश्मीर में भी भूरी के माध्यम से कांटेक्ट कराया गया था।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि इन 8 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है इस गिरोह की सरगना भूरी का पति भी नशे का कारोबार करता है। उन्होंने बताया कि यह नशा कहां से लाती थी इसका सोर्स भी तलाशा जा रहा है। इसके अलावा यह कहां-कहां और सप्लाई करती थी इसके बारे में भी पूछताछ की जा रही है।