अहमदाबाद। कांग्रेस पार्टी से हाल ही में नाता तोड़ने वाले पाटीदार समाज के युवा नेता हार्दिक पटेल आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो रहे हैं। गुजारत बीजेपी के अध्यक्ष सीआर पाटिल उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। इससे पहले उन्होंने कहा कि भाजपा का छोटा सिपाही बनकर काम करूंगा।
भगवा झंडा थामने से पहले हार्दिक पटेल ने ट्वीट किया, ”राष्ट्रहित, प्रदेशहित, जनहित एवं समाज हित की भावनाओं के साथ आज से नए अध्याय का प्रारंभ करने जा रहा हूं। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी जी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र सेवा के भगीरथ कार्य में छोटा सा सिपाही बनकर काम करूंगा।”
राष्ट्रहित, प्रदेशहित, जनहित एवं समाज हित की भावनाओं के साथ आज से नए अध्याय का प्रारंभ करने जा रहा हूँ। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी जी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र सेवा के भगीरथ कार्य में छोटा सा सिपाही बनकर काम करूँगा।
— Hardik Patel (@HardikPatel_) June 2, 2022
बता दें कि हार्दिक पटेल बीते दिनों ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। वह गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष थे, लेकिन उपेक्षा के चलते नाराज चल रहे थे।
आज वह गांधी नगर स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी में शामिल होंगे। हार्दिक पटेल के भाजपा में शामिल होने के आयोजन को भाजपा ग्रैंड इवेंट में तब्दील करना चाहती है।
15 हजार लोगों के साथ भाजपा में शामिल होने का दावा
दावा किया जा रहा है कि हार्दिक पटेल के साथ ही 15,000 लोग भाजपा में शामिल होंगे। हार्दिक का भाजपा में शामिल होना पाटीदार राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है।
गुजरात में 2015 में हुए पाटीदार आरक्षण आंदोलन का हार्दिक पटेल प्रमुख चेहरा थे। कांग्रेस में उनकी एंट्री के बाद पार्टी मान रही थी कि उसे पाटीदार समाज का समर्थन मिलेगा, लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन के बाद भी वह सत्ता से दूर रह गई थी।