मुंबई। महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच शिवसेना हार मानती दिख रही है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ट्वीट कर कहा है कि राज्य में राजनीतिक घटनाक्रम जिस दिशा में बढ़ रहा है, उसमें विधानसभा भंग हो सकती है।
महाराष्ट्रातील राजकीय घडामोडींचा प्रवास विधान सभा बरखास्तीचया दिशेने..
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 22, 2022
उनके इस ट्वीट से माना जा रहा है कि शिवसेना बागी विधायकों को संभाल नहीं पा रही है और अब वह चुनाव में उतरने पर विचार कर सकती है। इस बीच भाजपा खेमे में हलचलें तेज हैं और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के घर पर विधायक पहुंच रहे हैं।
आज सुबह ही संजय राउत ने एक और बयान दिया था, जिससे शिवसेना के हौसले कमजोर पड़ने का अनुमान लगाया गया था। उनका कहना था कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता चली जाएगी लेकिन सत्ता तो आ भी जाती है।
अस्पताल में भर्ती हैं राज्यपाल
इसी बीच महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को कोरोना के चलते आज बुधवार सुबह दक्षिण मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजभवन के एक अधिकारी ने कहा कि कल उनका स्वाब लिया गया और रिपोर्ट देर रात आई। डॉक्टरों ने बेहतर निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।
40 विधायकों का दावा कर रहे हैं एकनाथ शिंदे
उधर सूत्रों के हवाले से खबर है कि मंगलवार की सुबह सूरत के ला मेरिडियन होटल से अब गुवाहाटी पहुंचने वाले एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के संकेत दिए। शिंदे ने कहा कि हमें 40 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है और जल्दी ही कुछ और हमारे साथ आ सकते हैं।