नई दिल्ली। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को आज सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा उन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा को खतरा पहुंचाया है। उन्हें टीवी पर जाकर पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। शीर्ष कोर्ट ने कहा कि उनके बयानों से अशांति फैली है।
दरअसल, नूपुर शर्मा ने उनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों मे चल रहे मामलों को दिल्ली स्थानांतरित करने की सुप्रीम कोर्ट से मांग की है। फिलहाल, अदालत में याचिका पर सुनवाई जारी है।
बता दें कि एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के चलते नूपुर शर्मा जांच का सामना कर रही हैं। भाजपा ने भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के खिलाफ कड़ा रवैया अपनाया है। याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा है कि उन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा को खतरा पहुंचाया है। उनके चलते पूरे देश में ही अशांति हो गई है।
नूपुर शर्मा की तरफ से कोर्ट में पेश वरिष्ठ वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने बयानों के लिए माफी मांग ली है और उन्हें वापस भी ले लिया है। इस पर कोर्ट ने कहा कि उन्हें टीवी पर जाकर पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। कोर्ट ने उकसाने वालों के खिलाफ भी FIR दर्ज किए जाने की बात कही है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, शर्मा अपने खिलाफ दर्ज कई राज्यों में दर्ज FIR को दिल्ली ट्रांसफर कराना चाहती हैं। उन्होंने इस मांग के साथ शीर्ष न्यायालय में याचिका दायर की है।
इस दौरान भाजपा की पूर्व प्रवक्ता ने जानकारी दी कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पैगंबर पर विवादित टिप्पणी के चलते देश के कई हिस्सों में जमकर हंगामा हुआ था।