वाराणसी। बाहुबली माफिया सरगना मुख्तार अंसारी पर एक और केस दर्ज किया गया है। वाराणसी के हाई प्रोफाइल अवधेश राय हत्याकांड से जुड़ी केस फाइल अदालत से गायब होने के मामले में यह केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार कचहरी के कर्मचारियों से मिलीभगत कर केस डायरी को गायब कराया गया है। इसी को लेकर कैंट थाने में मुख्तार अंसारी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय की तीन अगस्त 1991 को वाराणसी के लहुराबीर क्षेत्र में स्थित उनके घर के बाहर ही ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी गई थी। इस केस में मुख्तार अंसारी मुख्य आरोपी है।
कैंट थाने के निरीक्षक प्रभुकांत ने आज बृहस्पतिवार को बताया कि कचहरी के कर्मचारियों से मिलीभगत कर साजिशन मूल केस डायरी गायब कराने के आरोप में माफिया मुख्तार अंसारी तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि अवधेश राय हत्याकांड की सुनवाई वाराणसी के एमपी-एमएलए अदालत में हो रही है। मामले में मूल केस डायरी की जगह छाया प्रति पर ही सुनवाई हो रही है। इस हत्याकांड में मुख्तार अंसारी, पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, भीम सिंह, कमलेश सिंह व राकेश समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। मुख्तार इस वक्त जेल में है।