नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से चल रही पूछताछ के बीच कांग्रेस पार्टी व भाजपा एक दूसरे पर हमलावर हैं। भाजपा ने सवाल किया है कि मामले में पूछताछ क्यों नहीं होनी चाहिए? भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि गबन में शामिल लोगों को सवालों के जवाब देने होंगे। उन्होंने कहा, ‘पहले राहुल गांधी भी कटघरे में खड़े थे। वह भी गए थे ईडी के पास प्रस्तुत होने के लिए और आज सोनिया जी जा रही हैं।
उन्होंने कहा 5 हजार करोड़ का गबन अगर देश में हुआ है, 5 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप सोनिया जी और राहुल जी के ऊपर हैं, तो स्वभाविक रूप से पूछताछ भी उन्हीं से होगी।’ पात्रा ने कहा, ‘आप सभी को पता है कि नेशनल हेराल्ड मामले में 76 प्रतिशत का स्टेकहोल्डर यंग इंडिया कंपनी में सोनिया जी और राहुल जी के पास है। अब अगर सोनिया और राहुल 75 फीसदी से भी अधिक के स्टेकहोल्डर्स हैं, तो पूछताछ किससे होगी।’
भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को भी ड्रामा बताया है। प्रवक्ता ने कहा कि सत्याग्रह का जो ड्रामा कांग्रेस कर रही है यह भी पूरा देश देख रहा है। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष से मामले के मुख्य साजिशकर्ता का नाम बताने की मांग की है।
पात्रा ने कहा, पांच हजार करोड़ मामले का गबन हुआ है। पूरा मामला कोर्ट में गया है, इस मामले पर आज सोनिया से पूछताछ भी हो रही है। सोनिया जी आज स्वीकार करने की आवश्यकता है कि किस प्रकार से ये षड्यंत्र रचा गया था, कौन मुख्य षड्यंत्रकर्ता है।’
इधर, कांग्रेस लगातार सरकार पर बदले की राजनीति करने के आरोप लगा रही है। पार्टी के शीर्ष नेताओं से पूछताछ के विरोध में नेताओं और कार्यकर्ताओं जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं।