लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके गाजीपुर, लखनऊ और दिल्ली समेत कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। ईडी ने मुख्तार के भाई सांसद अफजाल अंसारी तीन करीबियों के घर आज गुरुवार की सुबह छापेमारी की। ईडी का एक्शन अभी जारी है। माफिया मुख्तार अंसारी और उनके करीबी लोगो के दिल्ली, लखनऊ व गाजीपुर समेत कई ठिकानों पर ईडी के अफसर पहुंचे हैं।
जांच एजेंसी ने मुख्तार के गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद स्थित घर पर भी छापेमारी की है। इसके अलावा ईडी की टीम ने मिश्रबाजार स्थित आभूषण व्यवसायी विक्रम अग्रहरी, खान ट्रेवल्स संचालक टाउन हाल के सराय गली निवासी मुस्ताक खां, रौजा स्थित व्यवसायी गणेश दत्त मिश्रा और गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के मुहम्मदाबाद स्थित फाटक आवास पर छापेमारी की है। इस दौरान मकान के प्रमुख दरवाजे से लेकर सड़क तक सीआरपीएफ का कड़ा पहरा है। इस छापेमारी से हडकंप मचा हुआ है।
मनी लांड्रिंग में मुख्तार पर ईडी दर्ज कर चुकी केस
बता दें कि माफिया मुख्तार अंसारी पर ईडी ने एक जुलाई 2021 को मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। आरोप है कि मुख्तार ने एक सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया और फिर उसे सात साल के लिए 1.7 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के हिसाब से एक प्राइवेट कंपनी को किराए पर दे दिया।
इस कंपनी से मुख्तार के भाइयों और बेटे का भी संबंध होने को आरोप था। मामला सामने आने के बाद ईडी ने इस मामले में माफिया मुख्तार अंसारी, उनके भाई सांसद अफजाल अंसारी समेत कई अन्य को आरोपी बनाया गया है।
जिसमें भ्रष्टाचार और विधायक निधि गबन और आय से अधिक संपत्ति को लेकर दर्ज मुकदमों को आधार बनाते हुए ईडी ने केस दर्ज किया है। इस मामले में नौ मई को सांसद अफजाल अंसारी को तलब कर ईडी की प्रयागराज टीम ने पूछताछ की थी। टीम ने 10 घंटे से अधिक समय तक अफजाल से पूछताछ कर बयान दर्ज किया था।
ईडी ने परिवार की संपत्ति का भी ब्योरा मांगा
बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और उनके भाई अफजाल अंसारी समेत पूरे परिवार, रिश्तेदार और करीबियों की राजधानी में संपत्तियां खंगाली जा रही हैं। मुख्तार अंसारी, भाई अफजाल अंसारी, मुख्तार की पत्नी आफशां, बेटे अब्बास, उमर के साथ ही अतीफ रजा पुत्र जमशेद रजा और उनके सहयोगियों, करीबियों का ब्योरा ईडी ने मांगा है। मुख्तार के सात बैंक खाते, अफजाल के 3 बैंक खातों को भी ईडी ने पहले ही खंगाला है।