नई दिल्ली। दिल्ली की आबकारी नीति घोटाले को लेकर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के ठिकानो पर कल पड़े सीबीआई के छापों के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में मनीष सिसोदिया के जरिए अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भले ही सीबीआई ने शराब नीति के तहत मनीष सिसोदिया को भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी बनाया गया है लेकिन इस घोटाले के मुख्य साजिशकर्ता सीएम अरविंद केजरीवाल हैं। उन्होंने कहा, ‘मनीष सिसोदिया को शायद अब अपने नाम की स्पेलिंग भी बदल लेकिन चाहिए। उनका नाम मनीष के बजाय MONEY SHH होने चाहिए।
केंद्रीय मंत्री के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली प्रदेश भाजपाध्यक्ष आदेश गुप्ता भी मौजूद थे। अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘शराब घोटाले के नंबर वन आरोपी दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया हैं, लेकिन मास्टरमाइंड दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल हैं।
ठाकुर ने कहा आज की मनीष सिसोदिया की प्रेस कांफ्रेंस में साफ दिख रहा था कि घोटाले के बाद उनके चेहरे का रंग कैसे उड़ गया है। उन्होंने किसी प्रश्न का उत्तर तक नहीं दिया। मनीष जी, अगर आपकी शराब नीति सही थी, तो आपने इसे वापस क्यों लिया? यह ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ जैसा है। आपके मन में शराब कारोबारियों के लिए सॉफ्ट कॉर्नर क्यों है? मैं अरविंद केजरीवाल को देश के सामने आने और 24 घंटे के अंदर जवाब देने की चुनौती देता हूं।’