नई दिल्ली। दिल्ली की आबकारी नीति में घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने हैं। आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी हैं। इसी क्रम में दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री और घोटाले के आरोपी नंबर 01 मनीष सिसोदिया ने आज सोमवार को दावा किया कि उनके पास भाजपा का मैसेज आया कि बीजेपी में आ जाओ तो सारे CBI-ED के सभी केस बंद करवा देंगे।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “मेरे पास भाजपा का संदेश आया है- “आप” तोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे CBI-ED के केस बंद करवा देंगे। मेरा भाजपा को जवाब- मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, राजपूत हूं। सर कटा लूंगा, लेकिन भ्रष्टाचारियों-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। मेरे खिलाफ सारे केस झूठे हैं। जो करना है कर लो।”
मेरे पास भाजपा का संदेश आया है- “आप” तोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे CBI ED के केस बंद करवा देंगे
मेरा भाजपा को जवाब- मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूँ, राजपूत हूँ। सर कटा लूँगा लेकिन भ्रष्टाचारियो-षड्यंत्रकारियोंके सामने झुकूँगा नहीं। मेरे ख़िलाफ़ सारे केस झूठे हैं।जो करना है कर लो
— Manish Sisodia (@msisodia) August 22, 2022
केजरीवाल को एक मौका देना चाहती है गुजरात की जनता
उन्होंने आगे कहा, पिछले 27 साल में भाजपा ने गुजरात के लिए जो नहीं किया वो केजरीवाल की सरकार करके दिखाएगी। मैं केजरीवाल के साथ दो दिन के दौर पर गुजरात जा रहा हूं। जिस प्रकार से दिल्ली में काम हुआ है और जिस प्रकार से पंजाब में काम हो रहे हैं, इससे प्रभावित होकर गुजरात की जनता केजरीवाल को एक मौका देना चाहती है।
लुकआउट नोटिस जारी
इससे पहले रविवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि सीबीआई ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। गौरतलब है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 में अनियमितताओं के संबंध में सिसोदिया के आवास सहित 31 स्थानों पर छापेमारी की थी।
सीबीआई की छापेमारी उपराज्यपाल वीके सक्सेना द्वारा पिछले महीने नियमों के कथित उल्लंघन और पिछले साल 17 नवंबर से लागू नीति के कार्यान्वयन में प्रक्रियात्मक चूक की जांच के बाद हुई थी। सक्सेना द्वारा जांच की सिफारिश करने के बाद दिल्ली सरकार ने जुलाई में नीति वापस ले ली थी।