नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में अब एक महीने से भी कम का समय शेष है, इस बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। एशिया कप 2022 में चोट के चलते बाहर रहने वाले बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ टीम में वापसी की थी, लेकिन अब वह T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।
यह भी पढ़ें
‘विराट’ रिकॉर्ड तोड़ने के लिए बाबर को चाहिए बस इतने रन
बाबर आजम को पछाड़कर टी 20 रैंकिग में तीसरे स्थान पर पहुंचे सूर्यकुमार यादव
पीटीआई के मुताबिक बुमराह बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते इस मेगा इवेंट में नहीं खेल पाएंगे। बुमराह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन 28 सितंबर को खेले गए मैच में बैक पेन के चलते नहीं खेल पाए थे।
खबर आई है कि बुमराह को बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया है और इसी वजह से वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज के अलावा टी20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। T20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में स्टैंडबाय के तौर पर मोहम्मद शमी को शामिल रखा गया है, ऐसे में माना जा रहा है कि वह बुमराह की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं, जबकि मोहम्मद सिराज को स्टैंडबाय खिलाड़ियों की लिस्ट में डाला जा सकता है।
बुमराह का इस तरह से बाहर होना टीम इंडिया के लिए बहुत बड़ा झटका है। पीटीआई ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।