नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीन माह बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। उपाध्यक्ष पद पर किरणमय नंदा और प्रमुख महासचिव पद पर प्रोफेसर रामगोपाल यादव बरकरार है। यह दोनों पहले भी इसी पद पर थे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 14 महासचिव बनाए गए हैं। इसमें मोहम्मद आजम खान, शिवपाल सिंह यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य, लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, अवधेश प्रसाद, इंद्रजीत वर्मा, मधु गुप्ता आदि शामिल हैं। 62 सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जातीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा गया है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अभिषेक मिश्रा, पवन पांडे को भी जगह मिली है। इसी तरह पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, लीलावती कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव, जावेद आब्दी, दयाराम पाल आदि को भी शामिल किया गया है।
समाजवादी पार्टी ने अपने कई बड़े नेताओं को अहम पदों से नवाजा है। अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बना दिया है। बता दें कि मैनपुरी चुनाव में डिंपल यादव की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले शिवपाल यादव के लिए अखिलेश ने कहा था कि जल्द ही उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।
शिवपाल यादव को सपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाकर अखिलेश ने अपना वादा पूरा कर दिया है। इसके साथ ही चाचा और भतीजे में लंबे समय से चली आ रही दूरियां भी समाप्त हो गईं। आजम खान को भी सपा ने राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी है।
समाजवादी पार्टी ने अपने अधिकारिक ट्वविटर हैंडल से लिस्ट भी जारी कर दी है। लिस्ट में कई नेताओं के नाम हैं। जिन्हें समाजवादी पार्टी ने बड़े और अहम पदों से नवाजा है।