जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार जल्द ही फरीदकोट जिले के पूर्व में नैशनल हाकी खिलाड़ी रहे परमजीत सिंह को सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हाकी कोच के रूप में भर्ती करेगी। मुख्यमंत्री मान ने पिछले दिनों पूर्व हाकी खिलाड़ी परमजीत सिंह की आर्थिक हालत को देखते हुए उसे अपने पास बुलाने का ऐलान किया था।
भगवंत मान ने इस हाकी खिलाड़ी को मजदूरी करते सोशल मीडिया पर देखा था। उसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया कि वह इस पूर्व हाकी खिलाड़ी को सरकार में कुछ न कुछ काम देंगे। मुख्यमंत्री ने उसे अपने पास बुलाया और उनसे वार्ता की।
पूर्व हाकी खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री को बताया कि पूर्व में किसी भी सरकार ने उसकी हालत की तरफ नहीं देखा और न ही सुध ली। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि अब अच्छे दिनों की शुरूआत हो गई है और हमारी सरकार की कोशिश रहेगी कि आपको पल्लेदारी जैसे कार्य भविष्य में कभी भी न करने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने परमजीत को सौगात के तौर पर उसे हाकी में ही कोचिंग का देने का फैसला लिया है और जल्द ही सरकारी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उसे नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भविष्य में भी खिलाड़ियों की ऐसी दुर्दशा नहीं होने देगी। परमजीत ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके बैचमेट खिलाड़ी इस समय विभिन्न विभागों में अच्छे अधिकारियों के रूप में काम कर रहे हैं।