पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के डीटीपी (जिला योजनाकार) विभाग की टीम ने सनौली रोड के पास सिवाह खेड़ी में राजस्व संपत्ति में नव-निर्मित अवैध कॉलोनी को गिराने का अभियान चलाया। टीम ने लगभग 8 एकड़ में इस अवैध कॉलोनी में बनी रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। यहां 5 आवासीय घर, 20 डीपीसी और एक अनधिकृत फैक्ट्री को तोड़ा गया। सिवाह खेड़ी में कृषि भूमि पर अवैध रुप से कॉलोनी काटी जा रही थी।
बताया जा रहा है कि पहले भी सूचना मिलते ही डीटीपी ने यहां कार्रवाई की थी। फिर भी यहां लोगों ने अवैध निर्माण किया। इसके साथ ही वहां एक सूचना बोर्ड भी विभाग द्वारा लगवाया हुआ है। सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि उक्त भूमि कृषि की है। इस भूमि पर किसी भी तरह के निर्माण से पहले निदेशक नगर व ग्राम आयोजन विभाग हरियाणा, चंडीगढ़ की अनुमति अनिवार्य है, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिर भी वहां अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। विभाग ने लोगों को चेतावनी दी कि अगर दोबारा अवैध निर्माण किए गए तो मामले दर्ज किए जाएंगे।
अवैध निर्माण नहीं कराने दिया जाएगा: DTP
जिला नगर योजनाकार सुनील कुमार ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई अवैध कॉलोनियों के खिलाफ की जाती रहेगी। कोई निर्माण बिना मंजूरी के पाया गया तो उसे गिरा दिया जाएगा और कड़ी कार्रवाई कानूनी कार्रवाई की जाएगी।