रांची। झारखंड के पलामू में दो समुदायों में विवाद के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। जिसके चलते शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। खबर के अनुसार, पलामू के पांकी बाजार में शिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाने के मुद्दे पर विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों तरफ से पथराव और आगजनी हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।
घटनाक्रम के मुताबिक पलामू के पांकी बाजार में एक समुदाय द्वारा शिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाया जा रहा था। जिसे लेकर दूसरे समुदाय से विवाद हो गया और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से पथराव और आगजनी शुरू हो गई।
इस दौरान धार्मिक स्थल से पत्थरबाजी की गई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। दो बाइक एवं एक घर को आग के हवाले कर दिया गया है। कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है। स्थिति तनावपूर्ण बनी है।
सूचना के बाद तीन पुलिस थानों की टीमें मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण किया। एहतियातन शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। एसपी सीके सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में धारा 144 लागू
डीसी, एसपी एवं स्थानीय विधायक घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश में जुटे हुए हैं और काफी हद तक इसे नियंत्रण में कर भी लिया गया है। घटना के बाद पांकी में तनाव का माहौल है। सुरक्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पलामू जिला प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। गौरतलब है कि इसके पूर्व भी पांकी में हिंसक दंगे हो चुके हैं।