हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र के चकमकरंद रेलवे स्टेशन के समीप होटल में दबंगों द्वारा आग लगा दी गई जिससे धू धू कर पूरा होटल जल गया। आगजनी की इस घटना से 50 हज़ार रूपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
आग लगने के बाद होटल संचालक अजय सिंह और उनके परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने 112 डायल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद पीड़ित परिवार को स्थानीय थाना प्राथमिकी दर्ज करने के लिए ले गई है।
होटल संचालक अजय कुमार सिंह ने बताया कि किसी दबंग आदमी द्वारा हमें हर रोज धमकी दिया जाता था कि तुम्हारे साथ मारपीट करेंगे और होटल में आग लगा देंगे लेकिन आज होटल बंद करके घर जाने के बाद आग लगा दिया गया है जिसमें होटल सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया होटल के अंदर कई जरूरी कागजात भी रखे हुए थे, जो जलकर राख हो गया।
होटल संचालक बेहद गरीब व्यक्ति हैं, दुकान में मिठाई, समोसा और छोटे-छोटे आइटम बनाकर बेचने का काम करते हैं और इसी से इनका पूरा परिवार का भरण पोषण होता था, होटल में आग लगने के बाद परिवार बेसहारा हो गया है।