मेरठ। बहुजन समाज पार्टी से विधायक रहे चंद्रवीर सिंह का दौराला स्थित जनशक्ति कोल्ड स्टोरेज आज ढह गया जिसके मलबे में दबकर पांच मजदूरों की मौत हो गई जबकि कई घायल है।
प्राप्त समाचार के अनुसार आज शुक्रवार की दोपहर कोल्ड स्टोरेज में लिंटर डाला जा रहा था और 35 से अधिक मजदूर कार्य कर रहे थे। अचानक लिंटर की सटरिंग गिर गई और पूरा मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरा। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग पहुंचे और दबे मजदूरों को निकालना शुरू किया गया।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार पांच मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो चुकी है, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को पुलिस ने अस्पताल भेजा। जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर नीचे दबे लोगों को निकालने का कार्य जारी है। प्रकरण में अभी कोई अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहा है।
हादसे के बाद चंद्रवीर की तबीयत खराब
कोल्ड स्टोर के स्वामी चंद्रवीर सिंह की बेटी मनीषा अहलावत का कहना है कि कोल्ड स्टोर पर आज ही कर्मचारियों ने काम शुरू किया था। कोल्ड स्टोर हादसे के बाद चंद्रवीर की तबीयत खराब हो गई है, जिससे वे मौके पर पहुंच नहीं पा रहे हैं।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर मेरठ के एसएसपी और केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान पहुंच गए। संजीव ने घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों से बातचीत की और घटना के बारे में जाना। दौराला के सीओ अभिषेक ने बताया कि 5 लोगों के मरने की सूचना है। अभी तक 12 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। जेसीबी मशीन से मलबा हटाया का काम हो रहा है।