ढाका। पड़ोसी देश बांग्लादेश में आज रविवार को एक तेज रफ्तार बस के खाई में गिरने से कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में करीब 30 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार एमाद परिभान द्वारा संचालित ढाका जाने वाली बस सुबह करीब साढ़े सात बजे मदारीपुर में एक एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित हो गई, जिसके चलते वो खाई में जा गिरी।
बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
पुलिस के अनुसार मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि घायलों में कई की हालत गंभीर है। मदारीपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मसूद आलम ने कहा कि घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक स्थानीय समाचार पोर्टल ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने और बस में यांत्रिक खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई।