रीवा। आज सोमवार को पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के रीवा में थे और यहां आयोजित कई कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान एक ऐसा वाक्या हुआ कि मंच पर मौजूद नेता हैरान रह गए। दरअसल, बच्चियों का नाटक देखने के लिए पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर मंच पर काफी देर तक खड़े रहे।
जैसे ही पीएम मोदी मंच पर खड़े हुए, सभी नेता खड़े हो गए, लेकिन कोई समझ नहीं पाया कि पीएम मोदी क्यों खड़े हो गए? सीएम शिवराज समेत सभी नेता पीएम मोदी की तरफ देखते रहे।
बच्चियों का नाटक देखने के लिए तोड़ा प्रोटोकॉल
मंच पर खड़े होने के बाद पीएम मोदी मंच के किनारे पर पहुंचे और बच्चियों का नाटक देखने लगे। दरअसल, पीएम मोदी के रीवा पहुंचने पर स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। जैसे ही बच्चियों का नाटक शुरू हुआ पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़ कर मंच के किनारे खड़े होकर बच्चियों का नाटक देखने लगे।
क्या कहा पीएम मोदी ने
मध्यप्रदेश को कई सौगातें देने के साथ साथ पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस के राज में पंचायतों के साथ भेदभाव किया गया था। महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूज्य बापू कहते थे कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है लेकिन कांग्रेस ने महात्मा गांधी के विचारों को भी अनसुना कर दिया था।
रीवा से हर बार मिला प्यार
पीएम मोदी ने कहा कि मैं अनगिनत बार रीवा आया और जितने बार मैं रीवा आया हर बार यहां के लोगों ने भरपूर प्यार दिया। पीएम ने कहा कि आज भी आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं।