नई दिल्ली। साउथ सुपरस्टार ‘बाहुबली’ फेम प्रभास और कृति सेनन की अपकमिंग फिल्म ‘आदिपुरुष’ चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की रिलीज में अब ज्यादा वक्त नहीं रह गया है। ऐसे में मेकर्स एक-एक कर फिल्म से जुड़ी कड़ियां दर्शकों के सामने रख रहे हैं।
इसी सिलसिले में आज सीता नवमी के पावन मौके पर ‘आदिपुरुष’ के मेकर्स ने नया मोशन पोस्टर रिलीज किया है। इसके साथ ही ‘राम सिया राम’ बोल के साथ फिल्म का ऑडियो टीजर भी दिखाया गया है।
रिलीज हुआ आदिपुरुष का ऑडियो टीजर
फिल्म ‘आदिपुरुष’ से प्रभास और कृति सेनन के अलग-अलग ऑडियो और वीडियो अब तक सामने आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर दर्शकों के सामने रखे गए इस ऑडियो टीजर को रिलीज करने के साथ इसके कैप्शन में मां सीता का वर्णन किया गया है।
माता सीता के रोल में कृति सेनन
वीडियो पोस्टर को शेयर करते हुए कैप्शन में कृति सेनन ने माता सीता की नि:स्वार्थता और पवित्रता का वर्णन किया है। उन्होंने कैप्शन में ‘जय सिया राम’ को छह अलग भाषाओं में लिख कर इस ऑडियो टीजर को शेयर किया।
यह ऑडियो टीजर वीडियो फॉर्मैट में है, जिसमें देखा जा सकता है कि जानकी बनीं कृति सेनन की आंखों से आंसू निकल रहे हैं। वहीं, प्रभास, श्रीराम के रूप में हाथ में धनुष लिए खड़े हैं। इसके साथ ही देवी सीता के रूप में कृति सेनन का पोस्टर भी रिलीज किया गया है।
‘आदिपुरुष’ 16 जून को थिएटर्स में दस्तक देगी। मूवी में प्रभास और कृति सेनन के अलावा देवदत्त गजानन नागे और सैफ अली खान भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। देवदत्त हनुमान के रोल में तो सैफ अली खान लंकेश का किरदार निभाते देखे जाएंगे। वहीं, लक्ष्मण का रोल अभिनेता सनी सिंह कर रहे हैं।