लखनऊ। पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के साथ अफेयर को लेकर चर्चा में आए महोबा के होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है। उप्र होम गार्ड के डीजी विजय कुमार ने एसडीएम ज्योति मौर्य मामले पर कहा डीआईजी होम गार्ड प्रयागराज ने जांच के बाद सबूत इकट्ठा किए गए और उसके आधार पर मनीष दुबे को निलंबित करने और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया गया है।
ज्योति मौर्य के पति आलोक कुमार ने आरोप लगाया था कि पीसीएस बनने के बाद उनकी पत्नी और मनीष दुबे के बीच अफेयर शुरू हो गया। इसी वजह से अब उनकी पत्नी उनके साथ नहीं रहना चाहती हैं। आलोक ने दोनों पर अपनी हत्या की साजिश का भी आरोप लगाया था।
दरअसल, एसडीएम ज्योति मौर्या और होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे की लव स्टोरी में नया ट्विस्ट तब सामने आया, जब काल रिकॉर्डिंग में प्रेमी कमांडेंट कहता है कि क्यों न उसे बीच से हटा दें। हमें बार-बार डिस्टर्ब कर रहा है। फिर महिला अधिकारी अपने पति का नाम लेती है। जिस पर कमांडेंट हामी भरता है।
मनीष दुबे पर कार्रवाई की सिफारिश
इस मामले में डीजी होमगार्ड बीके मौर्य ने जांच में दोषी पाए गए कमांडेंट के निलंबन व विभागीय कार्यवाही की संस्तुति शासन से की थी। उन्होंने मंगलवार को ही अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी थी।
माना जा रहा था कि आज दोपहर तक इस मामले में मनीष दुबे के निलंबन का आदेश जारी किया जा सकता है। काल रिकार्डिंग में कमांडेंट व महिला पीसीएस अधिकारी के बीच उसके पति को रास्ते से हटाने की बातचीत सामने आई है। ऐसे में कमांडेंट के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर पुलिस जांच भी जल्द आरंभ की जा सकती है। काल रिकार्डिंग की फोरेंसिक जांच भी होगी।