पुणे। मराठा क्षत्रप शरद पवार के करीबी रहे दिलीप वलसे पाटिल ने एक बयान दिया है, जिससे पवार के समर्थक नाराज हो सकते हैं। पाटिल ने पवार के राजनीतिक कद पर तंज कसते हुए कहा कि वह कभी अपने दम पर राज्य में सरकार नहीं बना पाए हैं। पाटिल ने ये भी कहा कि राज्य की राजनीति में जल्द ही भूचाल आने वाला है।
शरद पवार के राजनीतिक कद पर उठाए सवाल
पुणे जिले में अपनी विधानसभा सीट अंबेगांव के माचर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र सरकार के मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि ‘हमें हमेशा बताया गया है कि पवार साहब देश के सबसे बड़े नेता हैं लेकिन उनके नेतृत्व में पार्टी कभी महाराष्ट्र में अपने दम पर सत्ता नहीं हासिल कर सकी है।
पाटिल ने कहा कि कई राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों ने अपनी जगह बनाकर अपने दम पर सरकार बनाई है, इनमें मायावती और ममता बनर्जी की पार्टियां शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ एक बड़ा नेता होने के बावजूद हम विधानसभा में सिर्फ 60-70 सीटें ही जीत पाए।
राज्य की राजनीति में भूचाल आएगा
दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि अजित पवार गुट ने भाजपा में विलय नहीं किया है। एनसीपी ही हमारी पार्टी है और पार्टी के चुनाव चिन्ह को लेकर चुनाव आयोग फैसला करेगा। जब भी ये फैसला होगा, तब राज्य की राजनीति में भूचाल आ जाएगा।
बता दें कि दिलीप वलसे पाटिल एनसीपी के उन नौ विधायकों में शामिल हैं, जो अजित पवार के नेतृत्व में राज्य की शिवसेना-भाजपा सरकार में शामिल हो गए थे। पाटिल को शरद पवार का करीबी माना जाता था, यही वजह रही कि पाटिल के अजित पवार के साथ जाने से कोई लोग हैरान थे।