नई दिल्ली। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह तलाक मामले में आज मंगलवार को भानवी सिंह अपने ससुर उदय प्रताप सिंह के साथ दिल्ली के साकेत कोर्ट पहुंचीं। भानवी सिंह के वकील के मुताबिक, राजा भैया के पिता ने अपना बयान दर्ज कराया है।
भानवी सिंह ने राजा भैया से ₹ 10 लाख महीने के हिसाब से गुज़ारा भत्ता की माँग की है। भानवी ने कोर्ट से गूची, बरबरी, फेरागामो जैसे ब्रैंड की चीज़ें ख़रीदने के लिए 10 लाख रुपये प्रति माह की मांग की है। अपने आवेदन में भानवी ने कहा है कि मैं अपनी कमाई से ऐसी महंगी चीज़ें नहीं ख़रीद सकती जैसी राजा के पास हैं, इसलिए मुझे भी उनके जैसे जीवन यापन लिए ये रुपये चाहिए। अगली सुनवाई 3 नवंबर को होगी।
जानकारी के मुताबिक, सुनवाई के दौरान भानवी सिंह के वकील ने तलाक मामले की सुनवाई कैमरे के सामने करने की मांग की है ताकि मीडिया ट्रायल से बचा जा सके। इस पर राजा भैया के वकील ने कहा कि ये लोग खुद ही मीडिया के सामने आकर बयानबाजी कर रहे हैं।
कोर्ट से बाहर निकलने के बाद भानवी सिंह और राजा भैया कि पिता कुछ बोलने से बचे। उन्होंने इतना कहा कि मामला कोर्ट में है। चूंकि केस अभी पेंडिंग है इसलिए कोर्ट ने कुछ भी बोलने से मना किया है।
1995 में हुई थी शादी, दोनों के चार बच्चे
गौरतलब है कि राजा भैया और भानवी सिंह काफी फेमस कपल्स में एक माने जाते हैं। दोनों की जोड़ी काफी पसंद की जाती है। भानवी सिंह बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। साल 1995 में दोनों शादी के बंधन में बंधे थे और दोनों के 4 बच्चे दो बेटियां और दो बेटे हैं।