रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को गुरुवार को बड़ा झटका लगा। वर्तमान में सरायपाली से कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद ने कांग्रेस को अलविदा कहते हुए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) (JCCJ) का दामन थाम लिया। जिसके तत्काल बाद पार्टी ने उन्हें सरायपाली से टिकट भी दे दिया।
किस्मत लाल नंद ने क्यों छोड़ी कांग्रेस?
किस्मत लाल नंद को JCCJ ने सरायपाली से उम्मीदवार घोषित किया है। दरअसल, कांग्रेस ने किस्मत लाल नंद का सरायपाली से टिकट काट दिया था, जिसकी वजह से वह नाराज चल रहे थे। कांग्रेस ने यहां से चातुरी नंद को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में नाराज किस्मत लाल नंद ने विधायक रेणु जोगी और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी की मौजूदगी में JCCJ की सदस्यता ग्रहण की।
जनहित के मुद्दों पर संघर्षशील, सरायपाली विधानसभा से श्री किस्मत लाल नंद जी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे.) के अधिकृत प्रत्याशी घोषित किये गए हैं।
कैसा रहा है किस्मत लाल का प्रदर्शन?
पिछले चुनाव कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले किस्मत लाल ने भाजपा के श्याम तांडो को चुनावी शिकस्त दी थी। हालांकि, भाजपा ने इस बार सरला कोसरिया पर दांव लगाया है। ऐसे में सरायपाली सीट पर होने वाला मुकाबला दिलचस्प हो गया है, लेकिन तीन दिसंबर को यह पता चलेगा कि बाजी किसने मारी।
JCCJ ने अबतक कितनी सीटों पर उतारे प्रत्याशी?
सरायपाली सीट से किस्मत लाल को प्रत्याशी बनाए जाने के साथ ही JCCJ ने अबतक 28 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में क्रमश: सात और 17 नवंबर को मतदान होगा। बता दें कि JCCJ ने पिछला चुनाव बसपा के साथ गठबंधन में लड़ा था और सात सीटों पर कब्जा किया था।