कोलकाता। टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए विश्व कप के मुकाबले में 119 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 49वें शतक की बराबरी कर ली है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में विश्व कप 2023 का 37वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में सभी की नजरें विराट कोहली पर टिकी थीं। आज उनका जन्मदिन भी है। विराट 35 साल के हो गए हैं।
जन्मदिन पर ही विराट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने वनडे में सचिन तेंदुलकर के 49 शतक की बराबरी कर ली। अपने जन्मदिन पर विराट ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर फैंस को खास तोहफा दिया है। विराट के नाम अब तक 49 वनडे शतक हैं।
विराट ने जन्मदिन पर लगाया शतक
विराट ने इस विश्व कप में अब तक 85 रन, नाबाद 55 रन, 16 रन, नाबाद 103 रन, 95 रन, शून्य, 88 रन और 100* रन की पारियां खेली हैं। आज शतक लगाकर कोहली वनडे में जन्मदिन पर शतक लगाने वाले सातवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले टॉम लाथम, रॉस टेलर, सनथ जयसूर्या, मिचेल मार्श, सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली पहले ऐसा कर चुके हैं।
सचिन ने ऐसा 452 वनडे पारियों में किया था, जबकि सचिन ने 277वीं वनडे पारी में 49 शतक लगाए हैं। इसमें भी खास यह रहा कि उन्होंने आज अपने जन्मदिन पर शतक लगाया और रिकॉर्ड की बराबरी की। इस विश्व कप यह उनका दूसरा शतक रहा।