वाराणसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को सुबह 11:11 बजे वायुसेना के विशेष विमान से एयरपोर्ट पर पहुंचीं। राष्ट्रपति के आगमन के पूर्व फ्लीट सुबह 9:10 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल राष्ट्रपति की अगवानी के लिए राजकीय विमान से सुबह 10:45 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचीं।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद सुबह 11:28 बजे शहर स्थित काशी विद्यापीठ में दीक्षांत समारोह के लिए रवाना हुए। राष्ट्रपति का एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सांसद बी पी सरोज, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु, श्रम मंत्री अनिल राजभर,मेयर अशोक तिवारी, विधायक रविंदर जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ,ज़िलाध्यक्ष हंसराजविश्वकर्मा ,ज़िलाधिकारी ,पुलिस आयुक्त सहित ज़िले के आला अधिकारियों ने अगवानी की ।
राष्ट्रपति व राज्यपाल सुबह 11:28 बजे एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के मद्देनजर जिले में हाई अलर्ट है। पुलिस की ओर से बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर शहर तक चप्पे-चप्पे पर चौकसी बरती जा रही है। एडीजी सिक्योरिटी रघुबीर लाल और पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिये।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मेधावियों को मेडल देने वाराणसी पहुंचीं हैं। राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में 16 मेधावियों को अपने हाथों मेडल देंगी। करीब 55 मिनट तक समारोह में शामिल होने के बाद वे सर्किट हाउस आएंगी। यहां विश्राम और भोजन के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति के आगमन से पहले प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटे रहे। उनके रूट और आयोजन स्थल की पुख्ता सुरक्षा की गई है।