सोनीपत (हरियाणा)। सोनीपत के खरखौदा के गांव फरमाणा में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर नकदी, आभूषण और जरूरी कागजात चोरी कर लिये। बहन के घर शादी में गए दो भाइयों के घरों के साथ एक अन्य ग्रामीण के घर में वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार
गांव फरमाणा निवासी कर्मवीर ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई अमित के साथ अपनी बहन के घर झज्जर के बहादुरगढ़ शादी समारोह में गए हुए थे। जब वह शादी से वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके घर के दरवाजे खुले पड़े हैं। अंदर जाकर जांच की तो देखा कि चोर घर के अंदर से नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए हैं।
कर्मवीर का कहना है कि उनके भाई के घर में बेड से चोर 21 हजार रुपये व सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। उनके घर से चोर 12 हजार रुपये व एक अंगूठी चोरी कर ले गए हैं। साथ ही गांव फरमाणा निवासी इकबाल ने पुलिस को बताया कि वह फिलहाल सोनीपत के सेक्टर 10 में रहते है। 8 साल से उनका गांव में स्थित घर बंद पड़ा है। उनके चाचा वीरेंद्र ने उसे सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा खुला पड़ा है।
जब वह सूचना पाकर गांव में पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर रखी अलमारी व पुरानी तिजोरी खुली हुई थी। जांच करने पर उन्होंने देखा कि चोरों ने अलमारी से तिजोरी की चाबी निकालकर उसमें रखे करीब एक किलो चांदी के सिक्के व उनकी जमीन के जरूरी कागजात के साथ ही उनके पिता की वसीयत को चोरी कर ले गए। चोर उनके बच्चों के आभूषण भी चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी के मुकदमे दर्ज कर लिए है।