अमेठी। अपने लोकसभा क्षेत्र अमेठी तीन दिन के दौरे पर पहुँची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज शुक्रवार को एक सेवानिवृत्त स्कूल अध्यापक की शिकायत पर वहीं से अधिकारी को फोन पर तुरंत मामले के निस्तारण की आदेश दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है मामला
दरअसल, स्मृति ईरानी को अमेठी दौरे पर हैं। शुक्रवार को वह अमेठी में एक कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान वहां रिटायर अध्यापकों के एक समूह ने केंद्रीय मंत्री से शिकायत की कि उनके कुछ बकाया का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने तुरंत डिस्ट्रिक्ट इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल (DIOS) को फोन मिला दिया और उनसे तुरंत सेवानिवृत्त अध्यापकों के बकाए के भुगतान करने को कहा। ईरानी ने कहा कि ‘आपकी डेस्क पर जो भी बकाए की फाइल है, उसे आज ही क्लीयर कीजिए।’
वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
शिक्षा अधिकारी से बातचीत का स्मृति ईरानी का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है, जो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि स्मृति ईरानी ने शिक्षा अधिकारी से कहा कि ‘अमेठी का हर निवासी अपनी समस्या लेकर सीधे मेरे पास आ सकता है। उन्होंने कहा कि ‘योगी आदित्यनाथ की सरकार भी चाहती है कि सभी अध्यापकों को उनके बकाए का भुगतान होना चाहिए, इसलिए तुरंत कार्रवाई कीजिए।’
अमेठी के अपने दौरे पर भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। एक कार्यक्रम में स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी 15 साल तक अमेठी के सांसद रहे लेकिन अमेठी के विकास के लिए उन्होंने कुछ नहीं सोचा। उन्होंने केवल मुंशीगंज को अपना गेस्ट हाउस बनाया। ईरानी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी तो अमेठी में ठीक से एक नाला भी नहीं बनवा पाए।